48 Laws of power in Hindi by Robert Greene (Shakti ke 48 Niyam)

48 Laws of Power in Hindi: इस लेख में हम रॉबर्ट ग्रीन (Robert Greene) की मशहूर किताब The 48 Laws of Power का पूरा सार पढ़ेंगे, जो हिंदी में “शक्ति के 48 नियम” नाम से छपी है। यह किताब 1998 में आई थी और इसमें इतिहास के राजाओं, सेनापतियों, नेताओं और ठगों की कहानियों से ताक़त के 48 नियम निकाले गए हैं। यहाँ आपको सभी 48 नियम एक ही जगह मिलेंगे: पहले एक नज़र वाली तालिका, फिर हर नियम आसान हिंदी में।

📚 पूरी किताब पढ़ना चाहते हैं? द 48 लॉज़ ऑफ़ पावर Amazon पर: हिंदी संस्करण · English edition

विषय सूची

48 Laws of Power: सभी 48 नियम एक नज़र में

नियमशक्ति का नियम (हिंदी में)अंग्रेज़ी में
1अपने बॉस से ज़्यादा चमकने की कोशिश मत कीजिएNever Outshine the Master
2दोस्तों पर ज़्यादा भरोसा मत कीजिए, दुश्मनों का इस्तेमाल सीखिएNever Put Too Much Trust in Friends
3अपने इरादे छिपाकर रखिएConceal Your Intentions
4ज़रूरत से कम बोलिएAlways Say Less Than Necessary
5प्रतिष्ठा सबसे क़ीमती है, जान लगाकर उसकी रक्षा कीजिएGuard Your Reputation
6हर हाल में लोगों का ध्यान खींचिएCourt Attention at All Costs
7काम दूसरों से करवाइए, श्रेय खुद लीजिएGet Others to Do the Work for You
8लोगों को अपने पास आने दीजिए, ज़रूरत हो तो चारा डालिएMake Other People Come to You
9बहस से नहीं, काम से जीतिएWin Through Your Actions
10दुखी और बदकिस्मत लोगों से दूर रहिएAvoid the Unhappy and Unlucky
11लोगों को अपने ऊपर निर्भर रखिएKeep People Dependent on You
12चुनी हुई ईमानदारी और उदारता से सामने वाले का शक मिटाइएUse Selective Honesty and Generosity
13मदद माँगें तो लोगों के फ़ायदे की बात कीजिए, दया की नहींAppeal to Self Interest
14दोस्त बनकर रहिए, जासूस की तरह जानकारी लीजिएPose as a Friend, Work as a Spy
15दुश्मन को पूरी तरह कुचल दीजिएCrush Your Enemy Totally
16अपनी ग़ैरमौजूदगी से सम्मान बढ़ाइएUse Absence to Increase Respect
17लोगों को अंदाज़ा मत लगाने दीजिए कि आप आगे क्या करेंगेCultivate Unpredictability
18खुद को अलग थलग मत कीजिएIsolation Is Dangerous
19जानिए किससे पाला पड़ा है, ग़लत इंसान को नाराज़ मत कीजिएDo Not Offend the Wrong Person
20किसी एक के पक्के वादे में मत बँधिएDo Not Commit to Anyone
21सामने वाले से कम चालाक दिखिएSeem Dumber Than Your Mark
22समर्पण की चाल से कमज़ोरी को ताक़त बनाइएUse the Surrender Tactic
23अपनी ताक़त एक जगह केंद्रित कीजिएConcentrate Your Forces
24एक आदर्श दरबारी की तरह पेश आइएPlay the Perfect Courtier
25खुद को नए सिरे से गढ़िएRe-Create Yourself
26अपने हाथ साफ़ रखिएKeep Your Hands Clean
27लोगों की विश्वास करने की ज़रूरत से अनुयायी बनाइएCreate a Cultlike Following
28हर काम साहस के साथ शुरू कीजिएEnter Action with Boldness
29अंत तक की योजना बनाइएPlan All the Way to the End
30अपनी उपलब्धियों को आसान दिखाइएMake Accomplishments Seem Effortless
31विकल्प अपने हाथ में रखिएControl the Options
32लोगों की कल्पनाओं से खेलिएPlay to People’s Fantasies
33हर इंसान की कमज़ोर नस पहचानिएDiscover Each Man’s Thumbscrew
34राजा की तरह पेश आइए, राजा जैसा व्यवहार पाइएBe Royal in Your Own Fashion
35सही समय की कला सीखिएMaster the Art of Timing
36जो न मिल सके, उसकी परवाह मत दिखाइएDisdain Things You Cannot Have
37असरदार नज़ारे रचिएCreate Compelling Spectacles
38सोचिए जैसा चाहें, पर व्यवहार सबके जैसा रखिएThink as You Like but Behave Like Others
39मछली पकड़नी है तो पानी हिलाइएStir Up Waters to Catch Fish
40मुफ़्त की चीज़ों से सावधान रहिएDespise the Free Lunch
41किसी महान इंसान की जगह भरने से बचिएAvoid Stepping into a Great Man’s Shoes
42चरवाहे को हटाइए, भेड़ें बिखर जाएँगीStrike the Shepherd
43लोगों के दिल और दिमाग पर काम कीजिएWork on Hearts and Minds
44आईने की तरह व्यवहार से सामने वाले को उलझाइएUse the Mirror Effect
45बदलाव की बात कीजिए, पर एक साथ बहुत ज़्यादा मत बदलिएNever Reform Too Much at Once
46कभी बहुत परफ़ेक्ट मत दिखिएNever Appear Too Perfect
47जीत के बाद रुकना सीखिएLearn When to Stop
48पानी की तरह आकारहीन रहिएAssume Formlessness

पढ़ने से पहले एक ज़रूरी बात

यह किताब ताक़त की दुनिया को वैसे दिखाती है जैसी वह इतिहास में रही है: चालों, धोखों और रणनीतियों से भरी। इसके कई नियम चालाकी और दूसरों के इस्तेमाल की बात करते हैं। इन्हें पढ़ने का सबसे अच्छा तरीका है इन्हें समझ और बचाव के लिए पढ़ना: ताकि कोई आपके साथ ये चालें चले तो आप पहचान सकें, और दफ़्तर, राजनीति और रिश्तों में ताक़त का खेल समझ सकें। ईमानदारी और भरोसे की जगह कोई चाल नहीं ले सकती।

LAW 1: अपने बॉस को कभी अपना टैलेंट और स्मार्टनेस न दिखाए

अपने बॉस या अपने से ऊपर के लोगों को हमेशा यह महसूस कराइए कि वे आपसे बेहतर हैं। उन्हें खुश या प्रभावित करने के लिए अपना हुनर ज़रूरत से ज़्यादा मत दिखाइए, क्योंकि इससे उनके मन में डर और असुरक्षा पैदा हो सकती है, और फिर वे आपको नुकसान पहुँचा सकते हैं। अपने से ऊपर वालों को हमेशा प्रतिभाशाली महसूस कराइए, इसी से आप धीरे धीरे ऊँचाई तक पहुँचेंगे।

शतरंज की बिसात पर दो काले राजा और बीच में एक सफ़ेद प्यादा
नियम 1: अपने से ऊपर वाले से ज़्यादा चमकने की कोशिश मत कीजिए

LAW 2: दोस्तों पर ज़्यादा भरोसा मत कीजिए, दुश्मनों का इस्तेमाल सीखिए

ग्रीन कहते हैं कि दोस्त जल्दी ईर्ष्या करने लगते हैं, और जिसे आपने एहसान करके ऊपर उठाया, वह अक्सर एहसान के बोझ से चिढ़ जाता है। वहीं एक पुराना दुश्मन, अगर उसे साथ ले लिया जाए, तो खुद को साबित करने के लिए दोस्त से ज़्यादा वफ़ादार निकल सकता है। मतलब यह नहीं कि दोस्तों पर भरोसा न करें, बल्कि यह कि काम और ताक़त के मामलों में सिर्फ़ दोस्ती देखकर फ़ैसले मत लीजिए।

LAW 3: अपने उद्देशयों को छुपाएँ

आप क्या चाहते हैं और क्या करने वाले हैं, यह किसी को मत बताइए। अपनी ज़ुबान पर काबू रखने के लिए मेहनत और लगातार अभ्यास चाहिए। जब लोगों को यह पता ही नहीं होता कि आप क्या करने वाले हैं, तो वे आपके ख़िलाफ़ कोई रणनीति नहीं बना पाते। जब तक वे आपके इरादे समझेंगे, तब तक बहुत देर हो चुकी होगी।

LAW 4: कोशिश करे की आप कम से कम बोलें

हमेशा कोशिश कीजिए कि ज़रूरत से कम बोलें। कम बोलने से लोग आपकी बात ज़्यादा ध्यान से सुनते हैं और खुद अपने बारे में ज़्यादा बताते हैं, जिससे आपको उनकी कमज़ोरियाँ पता चलती हैं।

जब आप शब्दों से लोगों को प्रभावित करने की कोशिश करते हैं, तो जितना ज़्यादा बोलते हैं उतने ही साधारण लगते हैं। कम और सोच समझकर कही गई बात में रहस्य होता है, और लोगों की दिलचस्पी बनी रहती है। कम बोलने से आप नियंत्रण में भी रहते हैं और कुछ ग़लत बोलने से बचे रहते हैं।

LAW 5: अपनी प्रतिष्ठा बनाकर रखिए

प्रतिष्ठा (Reputation) ताक़त की नींव है। सिर्फ़ प्रतिष्ठा के दम पर आप लोगों का सम्मान भी पा सकते हैं और उन्हें डरा भी सकते हैं। एक बार प्रतिष्ठा गई, तो आप कमज़ोर हो जाते हैं, इसलिए हमेशा उसकी रक्षा कीजिए। लोग आपको आपसे पहले आपकी प्रतिष्ठा से जानते हैं।

दूसरे विश्व युद्ध में जर्मन जनरल इरविन रोमेल की प्रतिष्ठा ऐसी थी कि उन्हें “डेज़र्ट फ़ॉक्स” (रेगिस्तान की लोमड़ी) कहा जाता था, और दुश्मन सैनिक लड़ाई से पहले ही उनके नाम से घबरा जाते थे।

किसी क्षेत्र में पहली बार प्रतिष्ठा बनाते समय बहुत सावधानी रखिए, क्योंकि प्रतिद्वंद्वी और जलने वाले लोग उसे बिगाड़ने की हर कोशिश करेंगे।

LAW 6: हर हाल में लोगों का ध्यान खींचिए

जो नज़र नहीं आता, उसकी गिनती नहीं होती। ग्रीन कहते हैं कि भीड़ में खो जाना ताक़त के लिए सबसे बड़ा ख़तरा है। अपने काम, अंदाज़ या व्यक्तित्व में कुछ ऐसा रखिए जो आपको याद रखने लायक बनाए। लोगों की नज़रों में रहिए, पर इतना भी नहीं कि वे ऊब जाएँ: थोड़ा रहस्य हमेशा बनाए रखिए।

LAW 7: काम दूसरों से करवाइए, श्रेय खुद लीजिए

इस नियम के अनुसार ताक़तवर बनने के लिए दूसरों के ज्ञान, समय और मेहनत का इस्तेमाल करना सीखिए। इससे आपका समय बचता है और आप तेज़ और काबिल दिखते हैं।

किताब में इसका मशहूर उदाहरण थॉमस एडिसन और निकोला टेस्ला का है। टेस्ला ने एडिसन की कंपनी के लिए जनरेटरों को बेहतर बनाने में महीनों मेहनत की, पर उसका पूरा फ़ायदा और श्रेय एडिसन को मिला। ग्रीन बताते हैं कि आगे भी टेस्ला के कई आविष्कारों का श्रेय दूसरों को मिला, क्योंकि टेस्ला ने अपने काम का श्रेय बचाना नहीं सीखा था।

इस नियम का दूसरा पहलू यह है: अगर आप मेहनत करते हैं, तो अपने काम का श्रेय खुद सुरक्षित रखना सीखिए।

LAW 8: लोगों को अपने पास आने दीजिए, ज़रूरत हो तो चारा डालिए

ताक़त का मतलब है खेल की शर्तें खुद तय करना। जब आप किसी के पीछे भागते हैं, तो नियंत्रण उसके हाथ में होता है। पर जब आप सामने वाले को अपने पास आने पर मजबूर करते हैं, तो वह आपकी ज़मीन पर, आपकी शर्तों पर खेलता है।

इसके लिए लोगों को कोई आकर्षक फ़ायदा दिखाइए, यानी चारा डालिए, और उन्हें अपनी ओर आने दीजिए। जो इंसान खुद चलकर आता है, उसकी मोलभाव करने की ताक़त कम हो जाती है।

LAW 9: दूसरों को अपने काम से जीतें अपने आर्ग्यूमेंट्स से नहीं

आपके बॉस या बड़े अधिकारी अक्सर इस बात की परवाह नहीं करते कि आप सही हैं या ग़लत। बहस जीतकर भी आप उनका मन हार सकते हैं, और ताक़तवर लोग अपनी बात न माने जाने पर नुकसान भी पहुँचा सकते हैं। इसलिए बहस मत कीजिए, अपने काम से अपनी बात साबित कीजिए। नतीजे वह कह देते हैं जो हज़ार दलीलें नहीं कह पातीं।

LAW 10: दुखी और बदकिस्मत लोगों से दूर रहिए

ग्रीन के अनुसार कुछ लोगों का दुख और बदकिस्मती उनके अपने स्वभाव और फ़ैसलों से आती है, और वे जिसके पास जाते हैं उसकी ज़िंदगी में भी वही उथल पुथल ले आते हैं। जो इंसान हमेशा शिकायत करता है और हर मुसीबत के लिए दूसरों को दोष देता है, आप उसके जितना पास जाएँगे, वह उतना ही आपको परेशान करेगा। इसलिए बेहतर होगा कि ऐसे व्यक्ति से एक दूरी बनाकर रखें, और ख़ुशमिज़ाज, सफल लोगों के साथ समय बिताएँ।

LAW 11: लोगों को अपने ऊपर निर्भर रखना सीखें

लोगों को अपने ऊपर निर्भर रखिए, इससे उनकी नज़रों में आपकी अहमियत बनी रहेगी। दुनिया में हर व्यक्ति ज़रूरत के हिसाब से काम करता है और उसी से संपर्क करता है जिसकी उसे ज़रूरत होती है। लोग जिस पर निर्भर होते हैं, उसी को महत्व देते हैं। अपने काम में ऐसी कुशलता हासिल कीजिए कि आपके बिना काम न चल सके।

48-Laws-of-power-in-Hindi-by-Robert-Greene

LAW 12: अपनी ईमानदारी और उदारता से अपने शिकार को वश में करें

रॉबर्ट ग्रीन कहते हैं कि एक बार दिखाई गई सच्ची ईमानदारी और उदारता किसी के भी शक की दीवार गिरा सकती है। जो लोग जल्दी किसी पर भरोसा नहीं करते, वे भी आप पर यकीन करने लगते हैं।

किताब के अनुसार चालाक लोग इसी का फ़ायदा उठाते हैं: शुरू में ईमानदारी और उदारता दिखाते हैं, और भरोसा जीतने के बाद अपनी चाल चलते हैं। इस नियम को पहचानना ज़रूरी है: अगर कोई अचानक बहुत उदार हो जाए, तो उसकी नीयत ज़रूर परखिए।

LAW 13: जब आप किसी से मदद मांगे तो उनके Self Interest का ध्यान रखे

अगर आप किसी से मदद माँगते समय यह गिनाते हैं कि आपने उसके लिए क्या क्या किया, या उसकी दया की दुहाई देते हैं, तो वह आपको नज़रअंदाज़ कर सकता है। लेकिन अगर आप उसे दिखाएँ कि मदद करने में उसका भी कोई फ़ायदा है, तो वह ख़ुशी से तैयार हो जाएगा। लोग अपने फ़ायदे से ज़्यादा जल्दी प्रेरित होते हैं।

LAW 14: दोस्त बनकर रहिए, जासूस की तरह जानकारी लीजिए

अपने प्रतिद्वंद्वी के बारे में जानना बहुत ज़रूरी है। फ़्रांस के मशहूर राजनयिक शार्ल मोरिस द तालेरां (Talleyrand) अपने विचार कभी किसी को नहीं बताते थे। वे बातचीत में सबको अपनी बात कहने का मौक़ा देते थे, और ऐसे बात करते थे जैसे कोई राज़ बता रहे हों। इससे लोग भी खुलकर अपनी योजनाएँ बता देते थे, और तालेरां को वह सब जानकारी मिल जाती थी जो उन्हें चाहिए थी।

LAW 15: अपने दुश्मन को पूरी तरह कुचल दे

अपने दुश्मन को अधूरा मत छोड़िए। किताब में प्राचीन भारत के महान रणनीतिकार कौटिल्य (चाणक्य) की बात दी गई है कि दुश्मन के अवशेष आग और बीमारी की तरह होते हैं, जो फिर से भड़क सकते हैं। दुश्मन को कमज़ोर समझकर नज़रअंदाज़ मत कीजिए, क्योंकि समय के साथ वह और ख़तरनाक बन सकता है। दुश्मन सूखी घास के ढेर में छिपे अंगारे की तरह है, जो सुलगकर पूरी घास जला सकता है।

शतरंज की बिसात पर गिरा हुआ सफ़ेद राजा
नियम 15: अधूरी जीत आगे चलकर बड़ी हार बन सकती है

आप सोच रहे होंगे कि मैं कोई सैनिक नहीं हूँ, तो दुश्मन को कैसे कुचलूँ? इस नियम का मतलब किसी को नुकसान पहुँचाना नहीं है। आज के जीवन में दुश्मन का मतलब है आपका प्रतियोगी या आपकी कोई समस्या। इसका मतलब है कि किसी मुकाबले या समस्या को आधा हल करके मत छोड़िए, उसे पूरी तरह निपटाइए।

LAW 16: प्रतिष्ठा और आदर बढ़ाने के लिए अपनी अनुपस्थिति का प्रयोग करें

आप जितना ज़्यादा दिखेंगे और सुने जाएँगे, उतने ही साधारण लगेंगे। शुरुआत में अपनी मौजूदगी बनाइए, क्योंकि बहुत जल्दी ग़ायब हुए तो भुला दिए जाएँगे। लेकिन एक बार लोगों के मन में आपकी जगह बन जाए, तो आपकी कभी कभार की ग़ैरमौजूदगी आपकी क़द्र बढ़ा देती है। जो चीज़ हर समय उपलब्ध हो, उसकी क़ीमत घट जाती है।

LAW 17: लोगों को अंदाज़ा मत लगाने दीजिए कि आप आगे क्या करेंगे

इंसान को पैटर्न पसंद है: वह दूसरों का अगला कदम पहले से भाँपना चाहता है। जब आपका हर कदम पहले से पता हो, तो लोग आप पर नियंत्रण पा लेते हैं। ग्रीन कहते हैं कि कभी कभी अप्रत्याशित कदम उठाइए, ताकि लोग आपको पूरी तरह पढ़ न सकें और आपके सामने सतर्क रहें। शतरंज के अच्छे खिलाड़ी भी यही करते हैं।

LAW 18: खुद को अलग थलग मत कीजिए

ख़तरे के डर से बहुत से लोग खुद को दुनिया से काट लेते हैं, किसी “क़िले” में बंद हो जाते हैं। ग्रीन कहते हैं कि यह सबसे बड़ी भूल है: अलग थलग होने से आप ज़रूरी जानकारी से कट जाते हैं और आसान निशाना बन जाते हैं। लोगों के बीच रहिए, संपर्क बनाए रखिए, और जानते रहिए कि आपके आसपास क्या चल रहा है।

LAW 19: जानिए किससे पाला पड़ा है, ग़लत इंसान को नाराज़ मत कीजिए

हर व्यक्ति का स्वभाव और प्रतिक्रिया अलग होती है। अगर आप किसी को मना करते हैं या उसे ठेस पहुँचाते हैं, तो कोई भूल जाएगा, पर कोई सालों तक बदला लेने की ताक में रहेगा। किसी के बाहरी रूप या चेहरे से उसका स्वभाव मत आँकिए, क्योंकि कई लोग भेड़ की खाल में भेड़िये होते हैं। किसी को मना करना हो तो विनम्रता से कीजिए, अपमान से नहीं।

LAW 20: किसी से कमिटमेंट ना करें

किसी एक व्यक्ति या पक्ष से पक्का वादा करके बँध मत जाइए, क्योंकि जिससे आप बँधते हैं, आपका नियंत्रण उसके हाथ में चला जाता है। ग्रीन कहते हैं कि अपनी स्वतंत्रता बनाए रखिए और अपनी छवि इतनी मज़बूत बनाइए कि लोग खुद आपसे जुड़ना चाहें। जब कई पक्ष आपको अपनी ओर करना चाहते हैं, तो ताक़त आपके हाथ में रहती है।

LAW 21: लोगों को उन्हीं की तरह बन कर फसाएँ

कोई भी दूसरों के सामने मूर्ख नहीं दिखना चाहता। ग्रीन कहते हैं कि अपने प्रतियोगी को यह महसूस करने दीजिए कि वह आपसे ज़्यादा होशियार है। एक बार उसे यकीन हो गया कि वह आपसे स्मार्ट है, तो उसे कभी शक नहीं होगा कि आपके कोई छिपे इरादे हैं।

जब आप थोड़ा कम जानकार दिखते हैं, तो लोग खुद ही अपने बारे में बताने लगते हैं, और आप पर शक भी नहीं करते। पहली ही मुलाकात में अपने बारे में सब कुछ बता देना समझदारी नहीं है।

LAW 22: आत्मसमर्पण की युक्ति इस्तेमाल करें

जब आप कमज़ोर हों, तो सिर्फ़ अहं के लिए लड़ाई मत लड़िए। हार तय हो तो समझदारी से पीछे हट जाइए, यानी समर्पण की चाल चलिए। इससे आपको अपनी ताक़त दोबारा जुटाने का समय मिलता है। कमज़ोर हालत में लड़ने से दुश्मन आसानी से जीत जाता है।

समर्पण के दौरान आप सामने वाले के क़रीब रहकर उसके बारे में जान भी पाते हैं। चाहे जंग का मैदान हो या रोज़ की ज़िंदगी, सही समय पर झुकना कमज़ोरी को ताक़त में बदल सकता है।

LAW: 23 अपनी शक्तियों को केंद्रित करें

अगर आपका ध्यान किसी एक लक्ष्य पर नहीं टिकता, तो यह नियम ख़ास आपके लिए है। जब भी आप किसी काम पर ध्यान लगाने की कोशिश करते हैं, सैकड़ों दूसरी चीज़ें आपका ध्यान खींचती हैं। इसका हल है अपने विचारों और कामों को केंद्रित करना और सारी ऊर्जा एक दिशा में लगाना।

कुछ लोग बार बार अपना क्षेत्र बदलते रहते हैं और किसी में भी गहराई तक नहीं पहुँचते। बेहतर है कि अपनी रुचि और क़ाबिलियत के हिसाब से एक क्षेत्र चुनिए और उसी में लगातार मेहनत कीजिए। बिखरी ताक़त कमज़ोर होती है, केंद्रित ताक़त अजेय।

LAW 24: एक आदर्श दरबारी की तरह पेश आइए

पुराने राजदरबारों में वही आगे बढ़ते थे जो व्यवहार की बारीकियाँ समझते थे। आज का दफ़्तर भी एक दरबार है। ग्रीन के अनुसार आदर्श दरबारी अपने काम का ढिंढोरा नहीं पीटता, बॉस के सामने किसी की बुराई नहीं करता, तारीफ़ नपी तुली करता है, माहौल के हिसाब से कपड़े और बोली रखता है, और कभी किसी को शर्मिंदा नहीं करता।

LAW 25: खुद को नए सिरे से गढ़िए

समाज ने जो पहचान आपको दे दी है, उसी में बँधे मत रहिए। अगर अब तक कामयाबी नहीं मिली या समाज आपको महत्व नहीं देता, तो अपनी क्षमताएँ पहचानिए और खुद को नए सिरे से तैयार कीजिए।

किताब का उदाहरण फ़्रांस की लेखिका ऑरोर ड्यूपिन (Aurore Dupin) का है। उन्नीसवीं सदी के पेरिस में महिलाओं के लेखन को गंभीरता से नहीं लिया जाता था। ड्यूपिन पति से अलग होकर पेरिस आईं, “जॉर्ज सैंड” (George Sand) नाम से लिखना शुरू किया और अपनी एक नई पहचान गढ़ी। आगे चलकर वे फ़्रांस की सबसे मशहूर लेखिकाओं में गिनी गईं।

LAW 26: अपने हाथ साफ़ रखिए

आपकी छवि बेदाग़ रहनी चाहिए। किताब के अनुसार ताक़तवर लोग ग़लतियों और बुरे फ़ैसलों का दाग़ अपने ऊपर नहीं आने देते। आज के संदर्भ में इसका सबक है: अपनी प्रतिष्ठा को किसी विवाद या ग़लत काम से दूर रखिए, और ग़लती हो जाए तो उसे जल्दी संभालिए, छिपाइए नहीं।

LAW 27: लोगों की विश्वास करने की ज़रूरत से अनुयायी बनाइए

इंसान को किसी चीज़ पर विश्वास करने की गहरी ज़रूरत होती है: किसी विचार, किसी नेता या किसी बड़े मक़सद पर। ग्रीन बताते हैं कि कैसे कुछ लोग इसी ज़रूरत का इस्तेमाल करके अंधभक्त अनुयायी बना लेते हैं: बड़े वादे, रहस्य, रस्में और “हम बनाम वे” की भावना। इस नियम को समझना इसलिए ज़रूरी है ताकि आप ऐसे झूठे गुरुओं और योजनाओं के जाल में न फँसें।

LAW 28: हर काम साहस के साथ शुरू कीजिए

अगर किसी काम को लेकर मन में शक है, तो उसे शुरू मत कीजिए। और अगर शुरू करते हैं, तो पूरे साहस से कीजिए। ग्रीन कहते हैं कि झिझक से की गई कोशिश में ग़लतियाँ ज़्यादा होती हैं, जबकि साहसी कदम सामने वाले को चौंका देता है और लोग साहसी इंसान की ग़लती भी जल्दी माफ़ कर देते हैं।

LAW 29: अंत तक की योजना बनाइए

शुरुआत सब करते हैं, पर जीत उसी की होती है जो अंत तक की योजना बनाता है। हर कदम पर सोचिए कि इसके बाद क्या होगा, किस मोड़ पर क्या रुकावट आ सकती है, और आख़िरी नतीजा क्या होना चाहिए। अधूरी योजना के साथ शुरू किया गया काम अक्सर बीच में बिखर जाता है, और उसका फ़ायदा कोई और उठा ले जाता है।

शतरंज की बिछी हुई बाज़ी, काले और सफ़ेद मोहरे
नियम 29: अच्छा खिलाड़ी कई चालें आगे तक सोचता है

LAW 30: अपनी उपलब्धियों को आसान दिखाइए

लोग उस इंसान से ज़्यादा प्रभावित होते हैं जो मुश्किल काम भी सहज ढंग से कर देता है। अपनी मेहनत और संघर्ष का बार बार ढिंढोरा पीटने से आपका काम साधारण लगने लगता है। ग्रीन कहते हैं कि अभ्यास और मेहनत पर्दे के पीछे रखिए, और मंच पर सहजता दिखाइए।

LAW 31: विकल्प अपने हाथ में रखिए

लोगों को विकल्प देकर आप उनसे वह करवा सकते हैं जो आप चाहते हैं। उन्हें ऐसे दो विकल्प दीजिए जो दोनों आपके हक़ में हों। सामने वाले को लगता है कि फ़ैसला उसका है, पर असल में खेल आपके हाथ में होता है।

किताब का उदाहरण रूस के ज़ार इवान चतुर्थ (इवान द टेरिबल) का है। 1564 में जब दरबार के ताक़तवर लोग उनका विरोध कर रहे थे, उन्होंने अचानक मॉस्को छोड़ दिया और गद्दी छोड़ने की बात कही। घबराई हुई जनता उन्हें वापस बुलाने लगी। तब इवान ने शर्त रखी: या तो उन्हें पूरा अधिकार मिले, या लोग नया शासक ढूँढ लें। लोगों ने उन्हें पूरे अधिकार के साथ वापस बुला लिया।

LAW 32: लोगों की कल्पनाओं से खेलिए

सच अक्सर कड़वा होता है: सफलता धीरे धीरे, मेहनत, धैर्य, थोड़ी किस्मत और त्याग से मिलती है। पर ज़्यादातर लोग जल्दी और आसान कामयाबी के सपने देखना पसंद करते हैं। ग्रीन बताते हैं कि जो लोग इन कल्पनाओं को बेचते हैं, जैसे “रातोंरात अमीर बनो”, उनके पास भीड़ जुटती है।

इस नियम का सबक यह भी है: जो कोई आपको बिना मेहनत के बड़े नतीजे का सपना दिखाए, उससे सावधान रहिए।

LAW 33: हर इंसान की कमज़ोर नस पहचानिए

हर इंसान की कोई कमज़ोर नस होती है: किसी को तारीफ़ चाहिए, किसी को सुरक्षा, किसी को पैसा, किसी को अपनापन। ग्रीन कहते हैं कि ताक़तवर लोग यह पहचान लेते हैं। उदाहरण के लिए, सोलहवीं सदी में फ़्रांस की रानी कैथरीन द मेदिची दरबारियों की भावनाओं और कमज़ोरियों को पहचानकर अपनी राजनीति चलाती थीं।

किसी की कमज़ोरी जानने के लिए उससे बात कीजिए, ध्यान से सुनिए कि उसे क्या पसंद है, किस बात से वह डरता है। यही समझ आपको लोगों को बेहतर तरीके से संभालने में मदद करती है, और यह भी याद दिलाती है कि आपकी अपनी कमज़ोर नस कोई और न दबा पाए।

LAW 34: राजा कि तरह नजर आए

यह नियम कहता है कि आप लोगों के सामने जैसे पेश आएँगे, लोग आपके साथ वैसा ही व्यवहार करेंगे। अगर आप खुद को साधारण समझेंगे, तो लोग भी आपका आदर नहीं करेंगे। राजा खुद अपना सम्मान करते हैं और इसी से दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करते हैं। राजा की तरह पेश आने के लिए तीन बातें याद रखिए:

  • पहली बात: आपको जो भी चाहिए, उसे पूरे आत्मविश्वास और साहस के साथ माँगिए।
  • दूसरी बात: बड़े लोगों से संपर्क बनाइए और बराबरी के भाव से मिलिए।
  • तीसरी बात: अपने से बड़े लोगों के साथ भी सहज रहिए, यह दिखाते हुए कि आप उनकी बराबरी कर सकते हैं।
शतरंज का सुनहरा राजा
नियम 34: खुद को जैसा आँकेंगे, दुनिया भी वैसा ही आँकेगी

अपनी क़ीमत हमेशा ऊँची रखिए, क्योंकि अगर आप कम माँगेंगे तो कम ही मिलेगा। जब आप अपनी सही क़ीमत तय करते हैं, तो लोगों को आपका आत्मविश्वास दिखता है और वे आपका सम्मान करते हैं।

48-Laws-of-power-in-Hindi-by-Robert-Greene

LAW 35: समय के प्रबंधन की कला को सीखें

जल्दबाज़ी में कोई काम मत कीजिए, क्योंकि जल्दबाज़ी में न खुद पर नियंत्रण रहता है, न समय पर। धैर्य रखिए, जैसे आपको पूरा भरोसा हो कि हर चीज़ सही समय पर आपके पास आएगी। हर काम का एक सही समय होता है।

इसका मतलब यह भी नहीं कि इतनी देर कर दें कि सही मौक़ा निकल जाए। न जल्दबाज़ी, न देरी: सही समय पर सही कदम। ताक़त और कामयाबी में समय की समझ एक बहुत बड़ा हथियार है।

LAW 36: जो न मिल सके, उसकी परवाह मत दिखाइए

किसी छोटी समस्या, आलोचना या न मिल सकी चीज़ पर ज़्यादा ध्यान देने से वह और बड़ी हो जाती है। ग्रीन कहते हैं कि अनदेखा करना सबसे अच्छा जवाब होता है: जो चीज़ आप हासिल नहीं कर सकते, उसके लिए तड़पते मत दिखिए, और जो व्यक्ति आपको उकसाने की कोशिश करे, उसे भाव मत दीजिए।

LAW 37: असरदार नज़ारे रचिए

शब्द भूल जाते हैं, पर तस्वीरें और नज़ारे याद रह जाते हैं। ग्रीन बताते हैं कि राजाओं से लेकर नेताओं तक ने भव्य समारोहों, प्रतीकों और यादगार दृश्यों से लोगों के मन पर छाप छोड़ी। आज के समय में इसका मतलब है अपने काम को ऐसे पेश करना कि लोगों को वह दिखे और याद रहे: एक अच्छी प्रस्तुति, एक साफ़ प्रतीक, एक यादगार पल।

LAW 38: आप जैसे चाहे सोचे पर दूसरों की तरह व्यवहार करें

अगर आप ज़माने के उलट विचार ज़ोर ज़ोर से सबके सामने रखेंगे, तो लोगों को लगेगा कि आप सिर्फ़ ध्यान खींचना चाहते हैं, या वे खुद को आहत महसूस करेंगे और आपको नुकसान पहुँचा सकते हैं। सुरक्षित तरीका यह है कि व्यवहार में आप समाज के साथ चलें।

अपने अलग विचार सिर्फ़ उन लोगों से बाँटिए जो उन्हें समझ सकें। जैसे गिरगिट आसपास के माहौल के हिसाब से रंग बदल लेता है, वैसे ही माहौल में ढलकर रहना समझदारी है। जो विचार आपके लिए बेवजह ख़तरा पैदा करें, उन्हें हर जगह ज़ाहिर करने का कोई फ़ायदा नहीं।

LAW 39: मछली पकड़ने के लिए पानी में हड़कंप मचाएँ

यह नियम कहता है कि गुस्से में इंसान ग़लत फ़ैसले लेता है, इसलिए हमें हमेशा शांत रहना चाहिए। यहाँ मछली का मतलब है आपके प्रतियोगी, और पानी का मतलब उनकी भावनाएँ।

जब पानी शांत होता है, यानी सामने वाला शांत होता है, तो वह सोच समझकर योजना बनाता है। लेकिन जब वह गुस्से, घमंड या जलन में होता है, तो ग़लत कदम उठाता है। किताब कहती है कि चालाक लोग इसी का फ़ायदा उठाने के लिए सामने वाले को उकसाते हैं और खुद शांत रहते हैं।

इसका सबसे बड़ा सबक यह है: जब कोई आपको जानबूझकर भड़काने की कोशिश करे, तो समझ जाइए कि यह एक चाल हो सकती है। उस समय शांत रहना ही आपकी सबसे बड़ी जीत है।

LAW 40: मुफ्त में मिलने वाली चीजों का तिरस्कार करें

मुफ़्त में मिलने वाली चीज़ के पीछे अक्सर कोई छिपी शर्त या उद्देश्य होता है। जब कोई आपको मुफ़्त में कुछ देता है, तो आप उसके एहसान तले दब जाते हैं और बाद में उसे किसी काम के लिए मना नहीं कर पाते। ज़्यादातर लोग किसी न किसी रूप में उस एहसान का बदला चाहते हैं।

इसलिए जो चीज़ लें, उसकी क़ीमत चुकाइए। इससे आप स्वतंत्र रहते हैं और किसी के एहसान के बोझ से बचे रहते हैं। ताक़तवर लोग उदार होते हैं: वे दूसरों पर ख़र्च करते हैं, दूसरों के ख़र्च पर नहीं जीते।

LAW 41: किसी महान इंसान की जगह भरने से बचिए

अगर आप किसी बहुत सफल या मशहूर इंसान की जगह लेते हैं, जैसे किसी बड़े पिता के कारोबार या किसी लोकप्रिय नेता की कुर्सी, तो लोग हर कदम पर आपकी तुलना उससे करेंगे। ग्रीन कहते हैं कि उसकी परछाईं में रहने के बजाय अपनी अलग राह और अलग पहचान बनाइए।

LAW 42: चरवाहे को हटाइए, भेड़ें बिखर जाएँगी

किसी भी समूह की ज़्यादातर परेशानी अक्सर एक ही व्यक्ति से शुरू होती है: कोई ऐसा जो झगड़े भड़काता है या बाक़ियों को भड़काता है। ग्रीन कहते हैं कि समस्या की जड़ उसी व्यक्ति को पहचानिए। जब मुख्य व्यक्ति का असर ख़त्म होता है, तो बाक़ी समूह अपने आप शांत हो जाता है।

LAW 43: लोगों के दिल और दिमाग को नियंत्रित करें

यह नियम कहता है कि ज़बरदस्ती से जीती गई जीत टिकती नहीं। अगर आप किसी पर ताक़त के दम पर जीतते हैं, तो उसकी नाराज़गी समय के साथ नफ़रत बन जाती है। लोगों को सच में अपने साथ करना है, तो उनके दिल और दिमाग जीतिए।

इसके लिए लोगों के मनोविज्ञान को समझिए: उन्हें क्या प्रेरित करता है, उन्हें किस बात का डर है, वे किस बात पर गर्व करते हैं। जो इंसान मन से आपके साथ होता है, वह सबसे वफ़ादार साथी बनता है।

LAW 44: आईने की तरह व्यवहार से सामने वाले को उलझाइए

जब आप किसी के व्यवहार को उसी की तरह लौटाते हैं, यानी आईना बन जाते हैं, तो वह उलझ जाता है: उसे समझ नहीं आता कि आप क्या सोच रहे हैं, और कई बार उसे अपनी ही ग़लती दिखने लगती है। ग्रीन बताते हैं कि यह तरीका सामने वाले को शांत करने, उसकी चाल समझने या उसे सबक सिखाने, तीनों में काम आता है।

LAW 45: बदलाव की बात कीजिए, पर एक साथ बहुत ज़्यादा मत बदलिए

लोग सिद्धांत में बदलाव चाहते हैं, पर आदत में नहीं। अगर आप किसी संस्था, परिवार या टीम में एक साथ बहुत सारे बदलाव कर देंगे, तो लोग असुरक्षित महसूस करेंगे और विरोध करेंगे। ग्रीन कहते हैं कि बदलाव धीरे धीरे लाइए, और नई चीज़ों को पुरानी परंपराओं से जोड़कर पेश कीजिए।

LAW 46: कभी बहुत परफ़ेक्ट मत दिखिए

अगर आप हर चीज़ में परफ़ेक्ट दिखेंगे, तो लोग जलने लगेंगे, और जलन चुपचाप दुश्मन पैदा करती है। ग्रीन कहते हैं कि कभी कभी अपनी कोई छोटी कमज़ोरी या ग़लती खुलकर मान लीजिए। इससे लोग आपको अपने जैसा इंसान समझते हैं और आपकी सफलता उन्हें चुभती नहीं।

LAW 47: अपनी जीत के लक्ष्य से ज़्यादा आगे न जाएँ

जीत का पल अक्सर सबसे ज़्यादा ख़तरे का पल होता है। जीत के जोश में घमंड और ज़रूरत से ज़्यादा आत्मविश्वास हमें आगे बढ़ते रहने पर मजबूर करता है, और इसी में नए दुश्मन बनते हैं।

जीत के बाद रुकिए, सांस लीजिए और अगले कदम की योजना सावधानी से बनाइए। लोगों और प्रतियोगियों की प्रतिक्रिया समझिए, और इस बात के लिए तैयार रहिए कि आपकी सफलता के बाद कोई न कोई आपके ख़िलाफ़ योजना ज़रूर बनाएगा।

LAW 48: निराकार बन कर रहें

ब्रूस ली ने कहा था कि पानी की तरह आकारहीन बनो। जिस तरह पानी बर्तन का आकार ले लेता है, उसी तरह इंसान को परिस्थितियों के हिसाब से ढलना आना चाहिए। जो व्यक्ति एक ही ढाँचे में जकड़ा रहता है, उसे तोड़ना आसान होता है, पर जो हालात के हिसाब से बदल सकता है, उसे कोई पकड़ नहीं सकता।

समय और परिस्थितियों के हिसाब से अपनी योजनाएँ बदलते रहिए। यही किताब का आख़िरी और शायद सबसे बड़ा सबक है: ताक़त किसी एक तरीके में नहीं, हालात के हिसाब से बदलने की क्षमता में है।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQ)

48 Laws of Power किताब किसने लिखी है?

यह किताब अमेरिकी लेखक रॉबर्ट ग्रीन (Robert Greene) ने लिखी है, और यह 1998 में प्रकाशित हुई थी। उनकी दूसरी मशहूर किताबें हैं The Laws of Human Nature, The 50th Law, Mastery और The Art of Seduction।

48 Laws of Power का हिंदी नाम क्या है?

हिंदी में यह किताब “शक्ति के 48 नियम” नाम से मिलती है। आप इसे ऊपर दिए Amazon लिंक से देख सकते हैं।

क्या 48 Laws of Power की हिंदी PDF मिलती है?

किताब की मुफ़्त PDF या टेलीग्राम पर मिलने वाली कॉपी बाँटना कॉपीराइट का उल्लंघन है, इसलिए हम PDF नहीं देते। इस लेख में सभी 48 नियमों का सार एक ही जगह है। पूरी किताब आप हिंदी या अंग्रेज़ी में ख़रीदकर या किसी लाइब्रेरी से पढ़ सकते हैं।

48 Laws of Power का सबसे ज़रूरी नियम कौन सा है?

हर पाठक के लिए यह अलग हो सकता है, पर बहुत से लोग नियम 1 (अपने बॉस से ज़्यादा मत चमकिए), नियम 4 (ज़रूरत से कम बोलिए) और नियम 48 (आकारहीन रहिए) को सबसे काम का मानते हैं।

क्या 48 Laws of Power पढ़नी चाहिए?

हाँ, अगर आप इसे दुनिया को समझने और खुद को चालबाज़ी से बचाने के लिए पढ़ें। इसके कई नियम चालाकी सिखाते हैं, इसलिए इन्हें आँख मूँदकर अपनाने के बजाय समझदारी से परखिए।

ये भी पढ़ें :

तो दोस्तों, इस लेख में हमने रॉबर्ट ग्रीन की किताब The 48 Laws of Power के सभी 48 नियम पढ़े। आपको कौन सा नियम सबसे काम का लगा, कमेंट करके ज़रूर बताइए। किताब की वीडियो समरी आप ऊपर देख सकते हैं।

यदि आपके पास हिंदी में कोई article, business idea, inspirational story या जानकारी है जो आप हमारे साथ साझा करना चाहते हैं तो कृपया उसे अपनी फोटो के साथ E-mail करें। हमारी Id है: storyshala@gmail.com पसंद आने पर हम उसे आपके नाम और फोटो के साथ यहाँ पब्लिश करेंगे।

अपना बहुमूल्य समय देने के लिए आपका तहे दिल से शुक्रिया

Wish You All The Best

BUY BOOK: The 48 Laws Of Power by Robert Greene

BUY BOOK: Shakti Ke 48 Niyam By Robert Green

📚 पूरी किताब पढ़िए: द 48 लॉज़ ऑफ़ पावर (रॉबर्ट ग्रीन)

यह सारांश किताब की मुख्य बातें बताता है, पर पूरी किताब में कहानियाँ और उदाहरण कहीं ज़्यादा हैं। हिंदी संस्करण देखें · English edition देखें

नोट: ये Amazon के affiliate लिंक हैं। इनसे ख़रीदारी करने पर Storyshala को छोटा कमीशन मिलता है, आपके लिए क़ीमत नहीं बदलती।

3 thoughts on “48 Laws of power in Hindi by Robert Greene (Shakti ke 48 Niyam)”

Leave a Comment